म्यूजिकल रेनबो के आयोजन में सातों सुरीले सिंगर्स ने मनभावन गानों से श्रोताओं को अंत तक बांधे रखा
प्रशांत रायचौधरी
इंदौर। सिंगर्स ने शुरू में ही हम सात रंग हैं गाकर सप्तरंगी होना बता दिया था। राज राजेश्वरी का आत्मीयता भरा संचालन कार्यक्रम को और अधिक सफल बना गया। इस आयोजन में श्रोताओं के लिए भरपूर पैकेज था। क्लासिकल गाने, कव्वाली, तेज रफ्तार के गाने और आए दिन कार्यक्रमों में होने वाले गाने (जैसे ऐ दिल मुझे बता दे तू किस पे आ गया है)।
राग भैरवी मानें या राग सिंधु भैरवी जैसे ही नरेश शुक्ल ने मन्ना डे के गाए ऑल टाइम ग्रेट गाना लागा चुनरी में दाग मिटाऊं कैसे … शुरू किया श्रोता उनके गाने में रम गए। नरेश बहुत कम कार्यक्रमों में शिरकत करते हैं लेकिन जब भी मंच पर अपनी आवाज बिखेरते हैं,अपनी अमिट छाप छोड़ देते हैं। उन्होंने सुमित सोढ़ानी के साथ बेरोजगारी पर चोट करते फिल्म मेरे अपने के गाने हाल चाल ठीक ठाक है गाने को इतनी खूबी से गाया मानो स्टेज पर विनोद खन्ना और डैनी डेंजोंगपा उतर आए हों। नरेश ने डॉक्टर अतुल भट के साथ तू है मेरा प्रेम देवता गाया जो संभवत इंदौर के स्टेज पर पहली बार गाई हुई प्रस्तुति हो सकती है।
डॉक्टर संजय जैन और सुमित सोढ़ानी ने तेज रफ्तार के गाने जिंदगी एक सफर है सुहाना.. और ये जवानी है दीवानी.. गाकर श्रोताओं में जोश भर दिया।
जोश तो शंकर शर्मा ने और भी ज्यादा भर दिया जब उन्होंने पर्दा है पर्दा कव्वाली.. साथियों के साथ गाया। हाई पिच पर सधी हुई आवाज का जादू सर चढ़कर बोला। उन्होंने जब शुरुआत में न जा, कहीं अब न जा.. गाया तो समझ में आ गया था आज वे कमाल का गाएंगे। स्मृति आचार्य को पहली बार सुना बहुत अच्छा गाया। उन्होंने ऐ दिले नादान.. और डॉक्टर संजय जैन के साथ ये कहां आ गए हम ,यूं हीं राह चलते चलते.. को बखूबी निभाया। डॉक्टर संजय जैन ने अमिताभ के डायलॉग से वाहवाही बटोरी।
यहां वैसे तो सभी गानों का जिक्र संभव नहीं है लेकिन कुछ गानों का जिक्र करना जरूरी है जैसे, राज राजेश्वरी द्वारा गाया छेड़ मेरे हमराही गीत कोई ऐसा(शंकर शर्मा के साथ), मेरे दिल में हल्की सी खलिश है… मुझे तुम मिल गए हमदम... को खूब पसंद किया गया। डॉक्टर अतुल भट ने *मधुबन में राधिका नाचे रे*गाकर अपनी शास्त्रीय क्षमता का परिचय दिया। कार्यक्रम में कई डुएट गाने भी हुए।
रिटायर्ड डीएसपी अनिल भट ने अपनी पत्नी के जन्मदिन पर तोहफे स्वरूप गाया चांद सी महबूबा हो तुम मेरी…
सिंगर्स की उपलब्धियां बताई
प्रोग्राम में यह खुशी की बात है कि सिंगर्स की उपलब्धियां बताई गई। अमूमन ऐसा होता नहीं है। 16 सितंबर को सदाबहार म्यूजिक एंड स्पोर्ट्स क्लब के कार्यक्रम में भी सिंगर्स की उपलब्धियां बताई गई थी। अन्य क्लबों को भी इन बातों का ध्यान रखना चाहिए।