नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को प्रदेशवासियों को 551वें प्रकाश पर्व की बधाई दी। इस दौरान उन्होंने किसान आंदोलन के संदर्भ में कहा कि जिस देश में किसान दुखी है वह देश कैसे आगे बढ़ सकता है। केजरीवाल ने जारी वीडियो संदेश में कहा कि गुरुनानक देव जी ने हमें मानव सेवा की सीख दी थी। उनके उपदेश का पालन करते हुए हमें अपने अन्नदाताओं की भी सेवा करनी है जो अपने हक़ की लड़ाई लड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज देश का किसान दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा बॉर्डर पर बहुत मुसीबत में है। पिछले 4-5 दिन से वो अपनी मांगों को लेकर केन्द्र सरकार से बात करने के लिए बैठे हैं। उन्होंने कहा कि हम अपने घर में बैठे हैं और हमें ठंड लग रही है तो हमारे किसान भाई खुले आसमान के नीचे कैसे सोते होंगे। केजरीवाल ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार किसानों से बात करके उनकी समस्या का समाधान जल्द करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के सभी विधायक और कार्यकर्ता किसानों की सेवा में लगे हैं। मैंने कहा है कि उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। सभी दिल्लीवासियों से मेरी अपील है कि दिल्ली आए किसान भाइयों की खूब सेवा करें।

राजौरी गार्डन से आप विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि दिल्ली में हमारी पार्टी ने किसानों की सेवा के लिए सेवादार नियुक्त किए हैं। सेवादार 24 घंटे किसानों की सेवा में लगे रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *